Company Logo
Thursday, 19 March 2026

News Details

दूसरे दिन गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की लंबी कतारें

March 12, 2026 Breaking News 7 views
रायसेन में लगातार दूसरे दिन गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखी गईं। इजरायल-ईरान युद्ध के बीच एलपीजी संकट की आशंका के चलते लोगों में सिलेंडर लेने की होड़ मची है। हालांकि, प्रशासन ने जिले में पर्याप्त स्टॉक होने का दावा किया है।

उपभोक्ता अपने सिलेंडर रखकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। जिन उपभोक्ताओं ने पहले से बुकिंग नहीं की थी, वे भी एजेंसी कार्यालय पहुंच रहे थे। गैस एजेंसी संचालक पहले उनकी बुकिंग कर रहे हैं, फिर ओटीपी और पर्ची की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही उन्हें सिलेंडर मिल पा रहा है।
प्रशासन बोला- पर्याप्त स्टॉक मौजूद

जिले में एलपीजी उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति अधिकारी को दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने वितरक स्तर पर एलपीजी सिलेंडर की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के सख्त आदेश दिए हैं।

जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति अधिकारी राजू कातुलकर ने बताया कि जिले में पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति बनी हुई है। उन्होंने जानकारी दी कि रायसेन जिले में 17 गैस एजेंसियां संचालित हैं और आज की तारीख में सभी एजेंसियों के पास कुल 10,384 घरेलू सिलेंडर मौजूद हैं।

कातुलकर ने स्पष्ट किया कि किसी भी गैस एजेंसी में सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है। जिले में प्रतिदिन औसतन 4,163 सिलेंडरों की बुकिंग होती है। इस दैनिक खपत के बावजूद, जिले में तीन दिन का भंडारण उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि कंपनियों से लगातार सिलेंडर प्राप्त कर रही हैं। उन्होंने लेवासियों से अफवाहों से बचने का आग्रह किया और किया कि एलपीजी की आपूर्ति निरंतर बनी रहेगी।