News Details
सट्टा लिखने वाले पर पुलिस की कार्रवाई नगदी के साथ आरोपी गिरफ्तार
बाड़ी। क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ थाना प्रभारी जे.पी त्रिपाठी द्वारा शुरू की गई मुहिम का असर अब धरातल पर नजर आने लगा है। इसी कड़ी में बाड़ी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सट्टा कारोबार में लिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम कासिया पाटनी में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नर्मदा प्रसाद पिता हाकम सिंह को सट्टा लिखते हुए रंगे हाथों पकड़ा। मौके से तलाशी लेने पर आरोपी के पास से सट्टा पर्चियां और कुल 10,262 रुपये नकद राशि जब्त की गई है। थाना प्रभारी जेपी त्रिपाठी ने कार्यभार संभालने के बाद से ही स्पष्ट कर दिया था कि क्षेत्र में जुआ और सट्टे जैसी सामाजिक बुराइयों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनकी इस सख्त कार्यशैली का परिणाम है कि इलाके में सट्टा कारोबारियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध सट्टा अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने चेतावनी दी है कि क्षेत्र में अवैध कारोबार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
×