Link copied to clipboard!
Shikhar Punj
Company Logo
Tuesday, 15 September 2026

News Details

सिंगल रोड पर डम्फरों की धींगामुश्ती बनी जानलेवा, हादसे के बाद शव रखकर परिजनों ने किया चक्काजाम

September 6, 2026 Breaking News 98 views
बाड़ी। बुधनी से बाड़ी तक निर्माणाधीन फोरलेन हाईवे एक बार फिर दर्दनाक हादसे का गवाह बना। हाईवे निर्माण कार्य में लगे तेज रफ्तार डम्फर की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक बाबई ग्राम का निवासी बताया जा रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों और परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार सुबह फोरलेन निर्माण कार्य में गिट्टी और राखड़ लेकर आने-जाने वाले डम्फरों के कारण सड़क पर जाम की स्थिति बनी हुई थी। निर्माण कार्य के चलते मार्ग सिंगल लेन होने से पहले ही यातायात का दबाव बना हुआ है। ऐसे में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ राहगीरों के लिए लगातार खतरा बनी हुई है।

इसी दौरान एक बेकाबू डम्फर ने बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए।

शव सड़क पर रखकर परिजनों ने किया चक्काजाम

हादसे से आक्रोशित परिजनों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। परिजनों और ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में लगे भारी वाहनों की रफ्तार, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि निर्माणाधीन सिंगल रोड पर लगातार डम्फरों की आवाजाही के बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं, जिसके कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन और निर्माण एजेंसी से मांग की कि भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण लगाया जाए तथा निर्माणाधीन मार्ग पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, संकेतक और यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को इस तरह का दर्द न झेलना पड़े।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और मामले की जांच शुरू कर दी है।